गाँव में कई बार यही बहस होती है कि "फलाने का नाम तो PM Kisan में है, मेरा क्यों नहीं?" इसका सबसे सीधा जवाब है सरकार की PM Kisan लाभार्थी सूची (Beneficiary List)। इसमें आपके गाँव के सारे किसानों के नाम होते हैं, जिन्हें योजना का पैसा मिलता है।
अच्छी बात ये है कि ये सूची कोई भी देख सकता है, मोबाइल से और बिल्कुल मुफ्त। बस राज्य, जिला, तहसील और गाँव चुनना होता है। पूरा तरीका फोटो के साथ नीचे लिखा है।
PM Kisan List कैसे देखें? (स्टेप बाय स्टेप)
स्टेप 1: लिस्ट वाला पेज खोलिए
नीचे वाले बटन पर दबाइए। सरकारी पोर्टल का Beneficiary List पेज खुलेगा।
📋 PM Kisan List खोलें (pmkisan.gov.in)
स्टेप 2: अपना पता चुनिए
ऊपर के खानों में एक-एक करके ये चुनिए:
- State: आपका राज्य (जैसे Uttar Pradesh)
- District: आपका जिला
- Sub-District: आपकी तहसील
- Block: अगर ये खाना दिखे तो अपना ब्लॉक चुनिए
- Village: आपका गाँव
ध्यान रखिए, पहले वाला चुनेंगे तभी अगला खाना भरेगा। राज्य से शुरू कीजिए और ऊपर से नीचे चलते जाइए।
स्टेप 3: "Get Report" दबाइए
सब चुन लेने के बाद नीले बटन Get Report पर दबाइए।
स्टेप 4: सूची में अपना नाम ढूंढिए
नीचे आपके गाँव के किसानों की सूची खुल जाएगी। इसमें तीन चीजें लिखी होती हैं: S.No. (नंबर), Farmer Name (किसान का नाम) और Gender (पुरुष M या महिला F)। नाम अक्सर A, B, C के क्रम में लगे होते हैं, तो अपने नाम का पहला अक्षर देखकर ढूंढना आसान रहता है।
स्टेप 5: अगले पेज पर जाइए (पूरी सूची देखने के लिए)
यहीं सबसे ज्यादा लोग अटक जाते हैं। एक पेज पर सिर्फ 50 नाम दिखते हैं। सूची के सबसे नीचे 1, 2, 3, 4... पेज नंबर लिखे होते हैं। अपना नाम न दिखे तो 2 पर दबाइए, फिर 3 पर, ऐसे आखिरी पेज तक देखते जाइए।
💡 छोटी चाल: जिस पेज पर हैं, उसी में नाम ढूंढना हो तो मोबाइल में ऊपर तीन बिंदु (⋮) दबाकर "Find in page" चुनिए और नाम लिख दीजिए। ध्यान रहे, ये सिर्फ उसी पेज पर ढूंढेगा। अगले पेज पर जाकर फिर से करना पड़ेगा।
लिस्ट का PDF कैसे सेव करें?
हमें इस पेज पर अलग से "Download" का बटन नहीं दिखा। लेकिन आप अपने फोन या कंप्यूटर के ब्राउजर से ही पेज को PDF बनाकर रख सकते हैं:
- मोबाइल (Chrome): ऊपर तीन बिंदु (⋮) → Share → Print → ऊपर से Save as PDF चुनिए और डाउनलोड कर लीजिए।
- कंप्यूटर: कीबोर्ड पर Ctrl + P दबाइए, Destination में Save as PDF चुनिए और Save कीजिए।
याद रखिए, एक बार में वही पेज PDF बनेगा जो खुला है (50 नाम)। पूरी सूची चाहिए तो हर पेज का अलग PDF बना लीजिए।
लिस्ट में नाम न मिले तो क्या करें?
- स्पेलिंग बदलकर देखिए। नाम अंग्रेजी में छपा होता है और कई बार लिखने में फर्क होता है, जैसे Shrivastava, Srivastava, Shrivastav। आधार कार्ड वाली स्पेलिंग भी आजमाइए।
- सारे पेज देख लिए ना? कई गाँवों में 5 से 6 या उससे ज्यादा पेज होते हैं।
- गाँव या ब्लॉक सही चुना? नजदीकी गाँव के नाम मिलते-जुलते होते हैं, इसलिए एक बार फिर देख लीजिए।
- यहां सिर्फ नाम और M/F लिखा होता है, पिता का नाम नहीं। एक ही नाम के दो लोग हो सकते हैं। पक्का करने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर से अपना स्टेटस देखिए।
- सच में नाम नहीं है? तो हो सकता है रजिस्ट्रेशन हुआ ही नहीं। नया रजिस्ट्रेशन कैसे करें, ये पोस्ट पढ़िए, या कृषि विभाग / लेखपाल से मिलिए।
नाम है पर पैसा नहीं आया?
तो अक्सर e-KYC अधूरी होती है या बैंक खाता आधार से जुड़ा नहीं होता। पहले अपना स्टेटस देखिए, फिर मोबाइल से e-KYC कैसे करें वाली पोस्ट पढ़कर काम निपटा लीजिए। पूरा हल किस्त नहीं आई, क्या करें पोस्ट में है।
टोल फ्री: 1800-115-526
गाँव में: कृषि विभाग कार्यालय, तहसील या लेखपाल